गोरखपुर। एम्स के एमबीबीएस छात्रों के परिसर से बाहर निकलने पर अब निगरानी रखी जाएगी। छात्र बिना अनुमति परिसर से बाहर नहीं निकल सकेंगे। पिछले दिनों सड़क हादसे में एक छात्र के घायल होने के बाद यह फैसला लिया गया है। छात्र की हालत अब भी गंभीर है।
प्रबंधन के फैसले के तहत सोमवार रात 10:30 बजे एम्स का गेट नंबर चार बंद कर दिया गया। आदेश के मुताबिक, यदि कोई छात्र परिसर से बाहर जाता है तो उसे एक रजिस्टर में अपने आने-जाने का समय, कार्य और गंतव्य दर्ज करना होगा। देर रात वापसी के लिए छात्रावास के वार्डन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दरअसल, बृहस्पतिवार की रात करीब 12:30 बजे, एमबीबीएस 2023 बैच का एक छात्र अपने मामा के लड़के के साथ मोहद्दीपुर से एम्स की ओर जा रहा था। उसी दाैरान उसका एक्सीडेंट हो गया था। हादसे में छात्र के शरीर की कई हड्डियां टूट गईं और सिर में गंभीर चोटें आईं। उसके मामा का लड़का भी गंभीर रूप से घायल हो गया था।