फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agnivir Scheme: गोरखपुर में सीएम योगी बोले- अग्निपथ पर सुनहरे भविष्य के अवसरों के अनेकानेक मार्ग

Mon, 20 Jun 2022 04:59 PM IST
अनुराग सक्सेना अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दरबार में उनसे मिलने आए युवाओं को बताया कि मोदी सरकार का विरोध करने वाले राजनीतिक दल ही इस अति महत्वपूर्ण और अवसरप्रदायी योजना का तथ्यहीन और तर्कहीन प्रलाप कर देश के नौजवानों को बरगला रहे हैं।
विज्ञापन
सीएम योगी ने गोरखपुर में सुनी फरियाद - फोटो : अमर उजाला-फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में जनता दरबार में अग्निपथ योजना को लेकर विभिन्न संदेहों को लेकर उनसे मिलने आए युवाओं को योजना के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन तो सभी जीते हैं लेकिन उसका जीवन सर्वाधिक सम्मानीय हो जाता है जिसे प्रत्यक्ष रूप से राष्ट्र की सुरक्षा में रत होकर सेवा का अवसर मिलता है।

विज्ञापन


उन्होंने युवाओं को समझाते हुए कहा कि मां भारती की सेवा करने का सौभाग्य विरलों को मिलता है। आप सभी अग्निवीर बनकर उन विरलों में शामिल हो सकते हैं। अग्निपथ वह पथ है जिसपर चलकर आपको सुनहरे भविष्य के अवसरों के अनेकानेक मार्ग नजर आएंगे। युवावस्था की ही दहलीज पर चार साल मान, सम्मान, स्वाभिमान व आर्थिक स्वावलंबन के साथ पूरी जाबांजी से देश की सेवा, इसके बाद सेना-अर्द्धसैनिक बलों, नागरिक पुलिस समेत केंद्र व राज्य सरकार के अनेकानेक विभागों में सेवायोजन और करीब 12 लाख रुपये की अपनी बचत पूंजी व सरकार के अनुदानित ऋण से स्वरोजगार के व्यापक अवसर। यह सब आप और आप जैसे युवाओं के लिए ही तो है।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बताया कि सिर्फ केंद्र की मोदी सरकार का विरोध करने वाले राजनीतिक दल ही इस अति महत्वपूर्ण और अवसरप्रदायी योजना का तथ्यहीन और तर्कहीन प्रलाप कर देश के नौजवानों को बरगला रहे हैं। जबकि देश की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले सेना के वर्तमान और पूर्व सैनिक-अधिकारी इसे अभूतपूर्व कदम मान रहे हैं।

सीएम योगी ने युवाओं को बताया कि यह कहना कि अग्निवीरों को भविष्य असुरक्षित रहेगा, वह चार साल की सेवा के बाद किसी काम लायक नहीं रह जाएंगे, समाज के लिए खतरा बन जाएंगे, यह क्षुद्र विचार है। उन्होंने कहा कि यूएसए, यूनाइटेड किंगडम, रूस, इजराइल, चीन व फ्रांस जैसे देशों में भी युवा इस तरह की योजना से जुड़कर देश सेवा और उज्ज्वल भविष्य से गौरवानुभूति कर रहे हैं। अग्निपथ ऐसी योजना है जो युवाओं को चार साल सेना की सेवा के साथ ही समाज को अनुशासित और प्रशिक्षित नागरिक उपलब्ध कराएगी।

सीएम योगी ने युवाओं की भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि सरकार अग्निवीरों को प्रतिमाह तीस से चालीस हजार रुपये वेतन देने के साथ ही बीमा, जोखिम भत्ता, कैंटीन के साथ अन्य सुविधाएं भी देगी। उन्होंने कहा कि प्रभु न करें कि किसी अग्निवीर के साथ अनहोनी हो लेकिन किन्हीं परिस्थितियों में ऐसा हुआ तो शहीद होने पर सरकार उनके परिजन को एक करोड़ रुपये तथा बचे हुए सेवाकाल का पूर्ण वेतन भुगतान करेगी।

सीएम योगी द्वारा किए गए मार्गदर्शन से जिज्ञासु युवा न केवल पूरी तरह संतुष्ट दिखे बल्कि उन्होंने उत्साह के साथ उनसे वादा किया कि सेनाओं में शामिल होकर वह देश की सेवा और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए अग्निवीर बनने और अग्निपथ पर चलने को जी जान लगा देंगे। सीएम ने उन्हें अग्निवीर की आगामी भर्तियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें