- पिपराइच इलाके का मामला, 85 लाख नकद व महंगे सामान देने के बावजूद प्रताड़ना का आरोप
पिपराइच। थाना क्षेत्र के जंगल छत्रधारी टोला मिश्रौलिया निवासी विवाहिता प्रीति पांडेय ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह वर्ष 2019 में हिंदू रीति-रिवाज से चिलुआताल क्षेत्र के भगवानपुर निवासी विवेक पांडेय के साथ हुआ था। विवाह के समय उसके पिता ने खेत बेचकर करीब 85 लाख रुपये नकद, चार पहिया वाहन सहित फ्रिज, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव, 75 इंच टीवी, एसी, गीजर, फर्नीचर व अन्य सामान दिया था। साथ ही सोने-चांदी के आभूषण भी दिए गए थे।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, ससुर, सास समेत अन्य परिजन अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था। पीड़िता ने बताया कि दो बेटियों के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और उसे ताने दिए जाते रहे। आरोप है कि उसके आभूषण भी बेच दिए गए। पीड़िता के मुताबिक, बीते 24 अप्रैल को ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और पांच लाख रुपये लाने की धमकी दी। थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।