अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि घटना कैसे हुई। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उससे सावधान रहने की जरूरत है। भाजपा किसी को भी झूठे मामले में फंसा सकती है। कोई भी घटना होने पर आरोप दूसरों पर लगाया जा सकता है।
सपा प्रमुख ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि भविष्य में बुलडोजर से स्वागत नहीं करें। उन्होंने कहा कि उनका किसी से बुलडोजर को लेकर कोई मुकाबला नहीं है। बुलडोजर का इस्तेमाल अच्छी सड़कें बनाने और विकास कार्यों के लिए होना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि बुलडोजर के अंदर अपना दिमाग नहीं होता, उसे ड्राइवर चलाता है।
बता दें कि बुधवार को अखिलेश यादव ने गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबी पीडीए रथयात्रा निकाली थी। इस दौरान स्वागत के लिए बुलडोजर भी लगाए गए थे और उनसे फूल बरसाए जा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चे की बुलडोजर की चपेट में आने से मौत हो गई थी। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने विरोध जताया और मामले में कार्रवाई की मांग की।