दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में परास्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में सत्र 2022-23 में प्रवेश को लेकर काउंसिलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। तीन चरणों में काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी होगी। पहले चरण की काउंसिलिंग छह से आठ सितंबर के बीच होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक परास्नातक के एमए, एमएससी, एमकॉम, एमबीए समेत समस्त पाठ्यक्रमों, पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश होगा। पहले चरण में कला, विज्ञान, वाणिज्य, मैनेजमेंट, कृषि, विधि एवं शिक्षा संकाय के अंतर्गत संचालित समस्त विभागों के समस्त परास्नातक पाठ्यक्रमों, परास्नातक डिप्लोमा, डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग होगी।
पहले चरण की काउंसिलिंग का विस्तृत कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट
https://ddugu.ac.in पर अपलोड किया गया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण की काउंसिलिंग 11 व 12 सितंबर तथा तीसरे चरण की काउंसिलिंग 15 व 16 सितंबर को होगी।