गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में तीन नए पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। यह कोर्स पीजी डिप्लोमा इन पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान, एमएससी फॉरेंसिक विज्ञान व एमएससी पुस्तकालय व सूचना विज्ञान हैं। अभ्यर्थी इन विषयों के लिए 10 जून तक आवेदन कर सकेंगे।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान में पीजी डिप्लोमा कोर्स शुरू हो रहा है। इसमें 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसमें प्रवेश के लिए किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है। इसी तरह एमएससी पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान में 40 सीटों पर प्रवेश लिया जाना है। इसमें प्रवेश के लिए किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि एमएससी फॉरेंसिक विज्ञान में 60 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। बीएससी बायोलॉजी ग्रुप से उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें आवेदन के लिए अर्ह होंगे। इन पाठ्यक्रमों की विस्तृत सूचना वेबसाइट पर उपलब्ध है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि वर्तमान दौर में ये तीनों ही पाठ्यक्रम रोजगारपरक हैं। इन क्षेत्रों में कॅरिअर की असीम संभावनाएं हैं। शासन के निर्देशानुसार इन पाठ्यक्रमों को विद्या परिषद और कार्य परिषद से मंजूरी मिलने के बाद इसी सत्र से शुरू किया जा रहा है।