गोरखपुर। नार्मल उपकेंद्र से जुड़े तुर्कमानपुर-पहाड़पुर क्षेत्र में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम के साथ हुई धक्का-मुक्की को शासन ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हाई लॉस फीडरों की हर हाल में जांच कराई जाए। बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान तेज करने को कहा गया है।
गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी बिजली निगम के अधिकारियों से शहर में बिजली के हाल के बारे में जानकारी ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने लाइन लॉस को लेकर निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बिजली निगम के अभियंता तुर्कमानपुर में एक-एक कनेक्शन की जांच की योजना बनाने में जुट गए हैं। जांच के दौरान स्थिति को देखते हुए पीएसी की मदद लेने पर भी विचार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए अब व्यापक स्तर पर जांच की जाएगी।
अभियंताओं के अनुसार मंगलवार को बिजली चोरी मिलने के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे। भीड़ ने अभियंताओं के साथ ही विजिलेंस टीम के दरोगा और सिपाहियों से धक्का-मुक्की की। इससे मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। टीम के सदस्यों के साथ अभद्रता और विरोध के दौरान कुछ लोग अन्य लोगों को जांच टीम को बंधक बनाने के लिए भी उकसा रहे थे। अधीक्षण अभियंता शहरी रणजीत चौधरी ने बताया कि कई वर्षों बाद जांच टीम के साथ इस तरह की स्थिति सामने आई है। अब शासन के निर्देश के बाद क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच को प्राथमिकता के आधार पर कराने की तैयारी की जा रही है।