-आए दिन रेलवे स्टेशन रोड से चलती हैं डग्गामार बसें, यात्रियों की सुरक्षा पर खड़े होते हैं सवाल
गोरखपुर। शहर में डग्गामार वाहन धड़ल्ले से चल रहीं हैं। इस पर पूरी तरह से लगाम नहीं लग पा रहा है जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शुक्रवार को परिवहन विभाग की ओर से रेलवे बस स्टेशन रोड पर सवारी भर रही तीन अवैध डग्गामार बसों पर कार्रवाई कर इसे सीज कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि परिवहन विभाग के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नरेंद्र यादव, यात्री कर अधिकारी विजय किशोर आनंद और यात्री कर अधिकारी रमापति की टीम ने अपने प्रवर्तन स्टाॅफ के साथ रोडवेज गोरखपुर के निकट छापा मारा। जिसमें महाराणा प्रताप चौक पर तीन प्राइवेट बसें सवारी भरते हुए पकड़ीं गईं। इनको रोडवेज परिसर में परमिट शर्तों के विरुद्ध आरोप के अंतर्गत निरुद्ध किया गया। इसके अतिरिक्त दो प्राइवेट आर्टिका भी बंद कराई गईं। इसके बाद ई-रिक्शा के विरुद्ध अभियान के अंतर्गत संयुक्त टीम द्वारा 14 ई रिक्शा को भी सीज किया गया। इनमें किसी का फिटनेस फेल था। कोई कर बकाया में संचालित थे। किसी के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं थे। सभी ई रिक्शा को सीज करने के उपरांत कैंट थाना अंतर्गत यार्ड में भेजवाया गया। एआरटीओ अरुण कुमार का कहना है कि परिहन विभाग की ओर से यह अभियान चलता रहेगा। जिससे यात्रियों की सुरक्षा पुख्ता हो सके।