पिपराइच। को-ऑपरेटिव इंटर कॉलेज पिपराइच के प्रधानाचार्य आवास का ताला तोड़कर मंगलवार रात चोर नकदी समेत गृहस्थी का सामान उठा ले गए। बुधवार को बाहर गए प्रधानाचार्य डॉ. अभिषेक कुमार आवास पर लौटे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि मुख्य दरवाजे समेत चार कमरों के ताले टूटे मिले। चोर किचन और बाथरूम तक का ताला तोड़कर सामान ले गए। उनकी अटैची में रखे करीब 80 हजार रुपये, कपड़े और दस्तावेज भी चोरी कर लिए। गैस सिलिंडर, चूल्हा, बर्तन, कूलर, मोटर, कीटनाशक छिड़कने की मशीन और राशन भी गायब है। आवास में रहने वाले पुलिस दीवान चंदन प्रसाद का सूटकेस भी चोर उठा ले गए। उसमें कपड़े, पांच हजार रुपये, टूटा मंगलसूत्र और हाईस्कूल, इंटर, बीए समेत अन्य प्रमाणपत्र थे। थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।