एम जी इंटर कालेज में आयोजित स्व प्रकाश नारायण श्रीवास्तव स्मारक अंडर 13 फुटबॉल प्रतियोगिता में
- प्रकाश नारायण श्रीवास्तव स्मारक फुटबॉल प्रतियोगिता में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। महात्मा गांधी इंटर काॅलेज के खेल मैदान पर सोमवार को प्रकाश नारायण श्रीवास्तव स्मारक फुटबाॅल प्रतियोगिता में अंडर-13 के दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इनमें अचीवर्स एफसी और एमपी एफसी ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
पहला सेमीफाइनल मैच एमजी एफसी और अचीवर्स एफसी के बीच खेला गया। इस मैच का एकमात्र गोल 18वें मिनट में अचीवर्स एफसी के आसिफ ने किया। इस तरह अचीवर्स की टीम 1-0 से विजयी रही। दूसरा सेमीफाइनल मैच एमपी एफसी और घोसी इलेवन के बीच खेला गया। इस मैच के 15वें मिनट में एमपी एफसी के स्ट्राइकर रेहान ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में शुभम ने गोल किया। इस तरह एमपी एफसी की टीम 2-0 से जीत के साथ फाइनल में पहुंच गई।
मैच के दौरान विद्यालय के शारीरिक शिक्षक विवेकानंद मिश्र, सुशील त्रिपाठी, डॉ. चंदन सिंह, सत्य प्रकाश मिश्र, जय प्रकाश यादव व महेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।