गोरखपुर शहर में ताबड़तोड़ पर्स, मोबाइल फोन लूटने के एक आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस उसके साथी की तलाश में जुटी है। पूछताछ में शहर में हुई चार घटनाओं का पर्दाफाश कर पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन, 13 हजार 5 सौ रुपये और घटना में इस्तेमाल बाइक को बरामद कर लिया है।
आरोपी ने बताया कि नशे और घूमने के लिए वह साथी संग वारदात करता है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान पिपराइच के उनौला निवासी राज उर्फ बिट्टू गौड़ के रूप में हुई। उसने अपने साथी का नाम अमन साहनी बताया है, जो उसके ही गांव का रहने वाला है।
प्रभारी निरीक्षक कैंट शशिभूषण राय ने बताया कि पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में लगी थी, इसी बीच मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि शहर में लूट करने का आरोपी रेलवे स्टेशन से यूनिवर्सिटी की ओर जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को यूनिवर्सिटी चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 29 सितंबर को हरिओमनगर के पास से मोबाइल फोन व शाहपुर में पर्स लूटे थे। इसके अलावा 30 सितंबर को शाहपुर में एक महिला से पर्स लूटे थे, जिसमें 60 हजार रुपये थे। रुपये को आपस में बांट लिया था। इससे पहले 3 सितंबर को पैडलेगंज से एक महिला से पर्स लूटे थे।
इसे भी पढ़ें: सामाजिक समरसता का संदेश देगा विजय दशमी का जुलूस, सीसीटीवी से रखी जाएगी नजर