गोरखपुर शहर के रामगढ़ताल इलाके के गायघाट में प्रेमिका को छोड़ने गए प्रेमी लौहर निषाद की पीटकर हत्या करने के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। कुछ दिन पूर्व आरोपित देवा को पहले ही जेल भेजा था। आरोपी की पहचान रामगढ़ताल इलाके के गायघाट निवासी सागर निषाद के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ताल इलाके के गायघाट में 20 जुलाई को लौहर निषाद अपनी प्रेमिका को छोड़ने गया था। रात में वह प्रेमिका को लेकर कहीं चला गया और सुबह उसे छोड़ने गया था। इसकी जानकारी होने पर घरवाले पहले से ही घात लगाए बैठे थे। जैसे ही लौहर आया था उसकी पीटकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में थी। मंगलवार को मुखबिर के जरिए आरोपी के डोमवा ढाले पर होने की सूचना मिली जिस पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर जगत नारायण सिंह ने बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।