गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके में रहने वाली स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत संविदा कर्मचारी से छेड़खानी का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। पुलिस ने कोर्ट में पीड़िता का बयान दर्ज कराया दिया है।
खबर है कि बयान के अवलोकन के बाद दुष्कर्म की धारा भी बढ़ाई जा सकती है। दरअसल, महिला और आरोपी एक ही मकान में किराये पर रहते हैं और दोनों के बीच गहरी दोस्ती भी थी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी और महिला संविदा कर्मचारी शाहपुर इलाके में किराये के मकान में रहते हैं। आरोपी ने महिला का अश्लील फोटो भी बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी दे रहा था। परेशान महिला ने रविवार को थाने में तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने बताया कि चौकी इंचार्ज विशाल उपाध्याय ने टीम के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।