चौरीचौरा पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल भी की सीज
सरदारनगर। चौरीचौरा पुलिस ने मोटरसाइकिल पर खतरनाक स्टंट कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोपी युवक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की बुलेट मोटरसाइकिल भी सीज कर दी।
आरोपी की पहचान आमकोल निवासी रूदल पासवान के बेटे राहुल पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें वह बुलेट मोटरसाइकिल पर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा था। वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। चौरीचौरा थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि सड़क पर इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।