गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के रजही गांव के शिव टोले में मंगलवार को रामपति निषाद पर भाला व फरसा से हमला करने के आरोपी नंदलाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया। पुलिस ने घायल रामपति के बेटे की तहरीर पर केस दर्ज किया है। उधर, पीड़ित रामपति की मेडिकल कॉलेज में हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रामपति के घर के पास ही नंदलाल का मकान भी है। देवरिया का मूल निवासी नंदलाल ऑटो चलाने के साथ ही बकरी पालन का काम भी करता है। मंगलवार को नंदलाल की बकरी रामपति के घर में घुस गई थी और अनाज खा ली थी।
रामपति पत्नी के साथ शिकायत करने नंदलाल के घर पर गए थे। नंदलाल तब घर पर नहीं थे। बाद में आने पर परिजनों के साथ रामपति के घर पर धावा बोल भाला व फरसा से हमला कर घायल कर दिया था।