पुलिस की हिरासत से आरोपी फरार
सिपाहियों को धक्का देकर जीप से कूद गया
खड्डा(कुशीनगर)। पुलिस की हिरासत से एक आरोपी मंगलवार रात फरार गया। किसी मामले में उसे पकड़कर सरकारी जीप से पुलिस थाने ला रही थी। सिपाहियों को धक्का देकर वह रास्ते में जीप से कूदकर भाग गया।
मंगलवार की देर शाम खड्डा थाने के एक नायब दरोगा क्षेत्र के भुजौली बाजार के पास से एक बाइक सवार को हिरासत में लिया। पकड़े गए व्यक्ति के पास मौजूद बाइक को एक सिपाही कब्जे में लेकर थाने लेकर चल दिया और आरोपी को दरोगा व अन्य पुलिसकर्मी जीप में बैठाकर थाने ला रहे थे।
रात लगभग आठ बजे जैसे ही जीप कस्बे के मंजू श्री टाकिज तक पहुंची, आरोपी पुलिसकर्मियों के बीच से चलती जीप से कूदकर भाग गया। इसके बाद अफरातफरी मच गई। थाने की अन्य फोर्स पहुंच गई। तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दरम्यान लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस किस मामले में भागने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया था, पुलिस बताने से परहेज कर रही है। हिरासत में लेने वाले एसआई पीके सिंह ने बताया कि वह पीछे सिपाही के साथ बैठा था और अचानक जीप से उतर गया।