गुलरिहा (गोरखपुर)। फाइनेंस कंपनी के यार्ड से बोलेरो निकालने के बाद वाहन छीनने की सूचना से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। हालांकि, शुरुआती जांच में मामला वाहन के एग्रीमेंट से जुड़े विवाद का सामने आया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
गुलरिहा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी निखिल निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता सुनील निषाद के नाम पंजीकृत बोलेरो वाहन को किस्त बकाया होने के कारण एक जून को श्रीराम फाइनेंस ने रसूलपुर चकिया स्थित यार्ड में खड़ा करा दिया था। 23 जून को बकाया राशि जमा करने के बाद वह चालक जाकिर के साथ वाहन लेकर बाहर निकले। आरोप है कि यार्ड से निकलते ही स्विफ्ट डिजायर कार से आए छह दर्जन लोगों ने बोलेरो रोक ली, चाबी छीन ली, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए वाहन लेकर चले गए। इसकी सूचना पीड़ित ने तत्काल पुलिस को दी।
मंगलवार शाम निखिल को सूचना मिली कि उनकी बोलेरो गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर-एक में खड़ी है। उन्होंने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला वाहन के एग्रीमेंट से जुड़े विवाद का निकला। प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला एग्रीमेंट विवाद का प्रतीत हो रहा है। गाड़ी छीने जाने की सूचना मिली थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।