भगवानपुर। पीपीगंज थाना पुलिस ने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे शनिवार तड़के उसके घर के पास से दबोचा।
आरोपी की पहचान टीचर कॉलोनी निवासी अमन श्रीवास्तव के रूप में हुई है। दोपहर बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पीड़िता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप था कि करीब ढाई वर्ष पहले आरोपी ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए थे। इसके बाद वर्ष 2025 में किसी अन्य युवती से शादी करने के बावजूद वह पीड़िता को भरोसा देकर लगातार संपर्क में रहा और होटल में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए।
आरोप यह भी है कि बाद में आरोपी ने शादी से इन्कार कर दिया और विरोध करने पर वीडियो कॉल के दौरान पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।