देवरिया जिले के सलेमपुर में धनकुट्टी में दुपट्टा फंसने से युवती की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवती को लेकर परिवार के लोग सीएचसी पहुंचे। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार वाले डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। डॉक्टर का कहना था कि युवती की अस्पताल आने से पहले ही मौत हो चुकी थी।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी शारदा प्रसाद की बेटी मनीषा (23) की शादी 24 मई को मदनपुर में तय थी। इसकी तैयारी जोरों पर चल रही थी। बुधवार को दरवाजे पर आए धनकुट्टी से वह धान कुटाने लगी। इसी बीच उसका दुपट्टा धनकुट्टी में फंस गया।
परिवार के लोग उसे सीएचसी ले गए। डॉक्टर राजेश कुमार ने बताया कि युवती की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को परिवार के लोगों को सौंप दिया।