गोरखपुर जिले में बड़हलगंज थाना क्षेत्र के रामकोला गांव के सामने हाईवे पर रविवार की सुबह छह बजे के करीब पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई घायल हो गया। दोनों बाइक से गोरखपुर में अपनी बहन के घर आ रहे थे। छोटे भाई को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक की पहचान मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के छपरा निवासी रविंद्र नाथ मल्ल के पुत्र आलोक मल्ल (29) के रूप में हुई है। जबकि, छोटा भाई नितेश मल्ल (26) घायल है। जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई रविवार की सुबह बाइक से गोरखपुर आने के लिए निकले थे।