छात्रावास में पानी की समस्या को लेकर बीएसडब्ल्यू का घेराव करते विधि विभाग के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तरफ से पेयजल के संकट को लेकर अधिष्ठाता कल्याण कार्यालय का घेराव किया गया। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि वार्डन अनिल यादव समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुनते और न ही छात्रावास के विजिट पर आते हैं।
विद्यार्थी परिषद की विश्वविद्यालय इकाई एवं स्वामी विवेकानंद छात्रावास के विद्यार्थियों ने बताया कि पिछले पांच माह से पेयजल की समस्या से छात्र जूझ रहे हैं। एबीवीपी विश्वविद्यालय मंत्री चंद्रपाल यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्रावासों में समस्याएं प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। विद्यार्थी परिषद सदैव ही समस्याओं को लेकर आंदोलनरत रहता है।
स्वामी विवेकानंद छात्रावास में पांच माह से शुद्ध पेय जल की दिक्कत है। इसे लेकर कई बार वार्डन एवं छात्र अधिष्ठाता कल्याण को अवगत कराया जा चुका था, लेकिन सुधार नहीं हुआ। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को सभी पदाधिकारी और छात्र आंदोलन के लिए बाध्य हुए।
छात्र अधिष्ठाता कल्याण ने विश्वविद्यालय के अवर अभियंता कौशलेंद्र गुप्ता को छात्रावास भेजा, जिसके बाद आरओ वाटर कूलर बनाने की सामग्री आने तक विद्यार्थियों ने उन्हें छात्रावास छात्रवास में रोके रखा। इस दौरान पियूष मिश्रा, अनुराग मिश्रा, संजीव त्रिपाठी, सूरज मौर्य चंचल, आशुतोष पांडेय, अजय सिंह, सत्येंद्र यादव, राजू कुमार, सलमान,धीरज मणि, दीपक त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।