अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने उत्तर प्रदेश राज्य इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा को अगले सत्र से खत्म करने का एलान किया है। इनके स्थान पर अब अभ्यर्थियों का चयन जेईई मेन परीक्षा के स्कोर से होगा। अच्छे स्कोर हासिल करने वाले मेधावियों को उत्तर प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश मिलेगा। ऐसे में नई नियमावली से माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को रूबरू कराने के लिए शासन ने प्रधानाचार्यों को जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
शासन स्तर से आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला ने नई नियमावली से विद्यार्थियों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करने पर बल दिया। कहा कि शासन ने जेईई मेन के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तिथि 16 जनवरी निर्धारित की है। जिले के माध्यमिक स्कूलों से लेकर प्राइवेट स्कूल भी इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तवज्जो दें।
उन्होंने कहा कि ऐकेटीयू के अंतर्गत आने वाले उत्तर प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में अभी तक यूपीएसईई परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थी का चयन होता है। जो एक राज्य स्तरीय परीक्षा है। हर साल बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसमें शामिल होते हैं। इसके माध्यम से प्रदेश के 750 विभिन्न कॉलेजों की करीब 1.40 लाख सीटों पर अभ्यर्थियों का चयन होता है। इसकी जगह सत्र 2021-22 में अभ्यर्थियों को ज्वॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन देना होगा।