ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठे लोग।
गोरखपुर। तेज पछुआ हवाओं ने शहरवासियों को कंपा दिया है। शनिवार की सुबह से ही चौराहों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए। दिन भर ठिठुरन बनी रही और शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। लोग जरूरी काम न होने पर घरों से बाहर निकलने से बचते दिखे।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर में इलाज के लिए आए मरीजों के तीमारदार टिन शेड में सोते नजर आए, जबकि बगल में रैन बसेरे में जगह थी। इसके बारे में लोगों को पता ही नहीं था। एकला गांव के पारस कुमार ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से टिन शेड में सो रहे हैं। अगर रैन बसेरा की जानकारी होती तो वहां ठहर जाते, यहां रात में ठंड बहुत लगती है। इसी तरह हाटा निवासी लोरी कन्नौजिया ने बताया कि उनकी बेटी बीते एक सप्ताह से बीआरडी में भर्ती है। रैन बसेरा के बारे में उन्हें पता नहीं है।
उधर, शहर के प्रमुख चौराहों पर अलाव का सहारा लेते नजर आए। लोगों का कहना है कि धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली थी लेकिन आज फिर ठंड ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।