घटनास्थल से दो किमी दूर रहने वाली एक युवती एक महीने से है लापता
युवती की मां पहुंची घटनास्थल पर शव की शिनाख्त नहीं
गोरखपुर। गुलरिहा क्षेत्र में चोरहिया नाले से महिला और नवजात का शव मिलने के बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। चर्चा है कि घटनास्थल से दो किमी दूर रहने वाली एक युवती एक महीने से लापता है। शव मिलने के बाद युवती की मां घटनास्थल पर पहुंची पर वह शिनाख्त नहीं कर सकी। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि शव को डेढ़ से दो फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफनाया गया था। बुधवार शाम बारिश के बाद मिट्टी हट गई जिससे हाथ दिखने लगा। पुलिस आसपास के थानों से भी जानकारी जुटाकर शव की शिनाख्त में जुटी है। घटनास्थल के आसपास बाल बिखरे मिलने से आशंका जताई जा रही है कि शव को जानवरों ने नोचा होगा।
शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर डुमरी नंबर दो, बुद्ध बाजार टोला की रहने वाली एक महिला पहुंची। महिला सदरुन निशा ने बताया कि उनकी पुत्री मोमिना अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने 12 अप्रैल को गुलरिहा थाने में सूचना दी। उन्होंने बताया कि मोमिना एक युवक के संपर्क में थी और उससे मोबाइल पर बातचीत करती थी। जिस नंबर से बात होती थी, वह अब स्विच ऑफ बता रहा है, जिससे संदेह और बढ़ गया है।
सदरुन निशा का कहना है कि जिस युवक से उनकी बेटी बात कर रही थी, उसका फोटो भी उनके पास मौजूद है। चोरहिया नाले में मिले शव की जानकारी होने पर वह अपनी बेटी की आशंका में थाने पहुंचीं लेकिन पुलिस ने केवल फोटो दिखाकर वापस कर दिया। फोटो में शव का चेहरा काफी सूजा हुआ था, जिससे पहचान कर पाना मुश्किल था। सदरुन निशा का कहना है कि अगर उन्हें शव को नजदीक से देखने दिया जाए तो वह कुछ निशानों के आधार पर पहचान कर सकती हैं।