- सहजनवां थाना क्षेत्र का मामला, 15 हजार रुपये व जेवर छीनने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सहजनवां। थाना क्षेत्र के चकिया स्थित ढाबे पर भोजन का अधिक दाम लेने का विरोध एक युवक को भारी पड़ गया। पीड़ित ने ढाबा संचालक और उसके सहयोगियों पर मारपीट कर 15 हजार रुपये व सोने की चेन, अंगूठी छीनने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खीरीडाड़ गांव निवासी राजकुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे वह चकिया स्थित एक ढाबे पर भोजन किया। इसके बाद ढाबा संचालक ने खाने की तय कीमत से अधिक रुपये मांगे। जब उन्होंने विरोध किया तो ढाबा संचालक और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान उसकी जेब में रखा 15 हजार रुपये छीन लिया गया। गले से सोने की चेन और हाथ की अंगूठी भी निकाल ली गई। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह वहां से बचकर निकला और रविवार को सहजनवां थाने पहुंचकर तहरीर दी।
इस संबंध में सहजनवां थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का सामने आया है। फिलहाल किसी प्रकार की छिनैती की पुष्टि नहीं हुई है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।