- पीपीगंज के ठकुरापार गांव का मामला, पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप
भरोहिया। पीपीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा ठकुरापार की रहने वाली पानमती देवी पत्नी विनोद गौड़ ने पीपीगंज पुलिस को तहरीर देकर अपने बेटे पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है।
तहरीर के अनुसार, उनका बेटा अरुण कुमार सोमवार की शाम करीब छह बजे जसवल चौराहे पर स्थित गांव निवासी रामबृक्ष सिंह के घर आयोजित ब्रह्मभोज में भोजन करने गया था। भोजन कर वापस लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे दो मनबढ़ युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने अरुण कुमार को बुरी तरह मारपीट कर लहूलुहान कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बेटे को बचाने पहुंचे दो अन्य युवकों को भी हमलावरों ने पीट दिया। घटना के बाद घायल युवक की मां पानमती देवी ने पीपीगंज थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अरुण सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।