संवाद न्यूज एजेंसी
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के चरगांवा परिसर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरने के कारण एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा मंगलवार की शाम लगभग पांच बजे हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, चिलुआताल थाना क्षेत्र के मानबेला स्थित बंगला टोला निवासी अलगू प्रसाद प्रजापति (60) पेशे से मजदूर थे और मकानों की छत पर सरिया बांधने का काम करते थे। मंगलवार को वह चरगांवा परिसर में एनडीआरएफ के पास बन रही एक बिल्डिंग में सरिया बांधने का कार्य कर रहे थे। शाम को काम खत्म होने के बाद जब वह नीचे उतर रहे थे, तो अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ऊंचाई से जमीन पर गिर पड़े। गिरने से अलगू प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। निर्माण करा रही संस्था के कर्मचारियों और अन्य मजदूरों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।