गोरखपुर। शहर में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पार्षद की बेटी से तय शादी को तुड़वाने के लिए दूल्हा पक्ष को धमकियां दी जा रही हैं। मामले में दूल्हे के पिता ने गोरखनाथ थाने में तहरीर देकर लखनऊ के एक परिवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि गोरखनाथ इलाके के दूल्हे की शादी शहर के एक पार्षद की बेटी से तय है। यह विवाह एक मई 2026 को शहर के एक लॉन में प्रस्तावित है। आरोप है कि लखनऊ निवासी अजय गुप्ता, राहुल राज गुप्ता और आरती गुप्ता इस विवाह का विरोध कर रहे हैं। ये लोग कमलापुरी परिवार नामक व्हाट्सएप ग्रुप में पार्षद और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा और अपमानजनक टिप्पणियां पोस्ट कर रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों की ओर से धमकी दी गई है कि यदि यह शादी की गई तो दूल्हा पक्ष को जान से मार दिया जाएगा। इससे परिवार भयभीत है। दूल्हे के पिता का कहना है कि इस घटना से पूरे परिवार को मानसिक आघात पहुंचा है और समाज में उनकी प्रतिष्ठा को भी ठेस लगी है। साथ ही शादी में बाधा और जान-माल के खतरे की आशंका बनी हुई है। गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।