गोरखपुर। अमर उजाला की ओर से आयोजित बाल मेला सम्मान समारोह में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नवाचार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ध्यान खींचा। समारोह में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री ने छात्रों के प्रोजेक्ट देखे और उनसे संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्रों से प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी लेकर उनका उत्साह बढ़ाया।
विजय चौक स्थित एसएस एकेडमी के छात्रों की ओर से तैयार ‘विकसित भारत मिशन-2047’ और ‘अपराधमुक्त उत्तर प्रदेश’ के मॉडल ने मुख्यमंत्री को खासा प्रभावित किया। छात्र आदित्य से मुख्यमंत्री ने पूछा कि यह क्या बनाया है। आदित्य ने बताया कि मॉडल के एक हिस्से में वर्ष 2017 से पहले की स्थिति को दिखाया गया है, जबकि दूसरे हिस्से में अपराधमुक्त उत्तर प्रदेश की तस्वीर प्रदर्शित की गई है। वहीं अर्नव स्वर्णकार ने अपने प्रोजेक्ट में विकसित भारत की संभावित तस्वीर को मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा खुशी और ऋतिका ने स्वच्छता का संदेश देने वाला मॉडल तैयार किया था। वहीं अनुष्का ने विकसित उत्तर प्रदेश का मॉडल प्रस्तुत किया, जिसमें स्वच्छता, महिला सुरक्षा और शिक्षा को प्रमुखता दी गई थी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से मॉडल के बारे में जानकारी ली और उनके प्रयास की सराहना की।
गणेश टेराकोटा के स्टॉल पर तैयार मिट्टी के आकर्षक बर्तन और आभूषण भी मुख्यमंत्री को पसंद आए। उन्होंने माटीकला बोर्ड के विवेक प्रजापति से पूछा कि मिट्टी के उत्पाद कैसे तैयार करते हैं और मिट्टी कहां से लाते हैं। विवेश ने बताया कि जटेपुर उत्तरी, हड़हवा फाटक के पास मिट्टी के बर्तन तैयार किए जाते हैं। माधव पब्लिक स्कूल के छात्र सुजीत ने ऑप्टिकल एडवाइजर कार का मॉडल प्रस्तुत किया। इसमें ऑप्टिकल सेंसर, कैमरा, माइक्रो कंट्रोलर और लेन असिस्टेंस जैसे फीचर प्रदर्शित किए गए थे। मुख्यमंत्री ने इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। वहीं विनायक पांडेय और सूर्यांश ने हवाई जहाज का मॉडल प्रस्तुत किया, जिसके बारे में भी मुख्यमंत्री ने छात्रों से जानकारी ली। सीएम ने छात्रों के मॉडलों को देखकर उनकी कल्पनाशीलता, तकनीकी समझ और नवाचार की भावना की सराहना की। उनके संवाद से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।