गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र से मंगलवार पूर्वांह्न छोटे भाई के साथ टेलर के यहां जाने की बात कहकर घर से निकली किशोरी देर रात बस्ती में इंस्टाग्राम दोस्त के घर मिली। पूछताछ में पता चला कि किशोरी का बस्ती निवासी किशोर से इंस्टाग्राम के जरिये दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान वह किशोर से मिलने बस्ती पहुंच गई थी।
जानकारी के अनुसार, गोरखनाथ क्षेत्र निवासी किशोरी सिलाई का काम सीखती है। मंगलवार पूर्वांह्न 11 बजे वह अपने छोटे भाई के साथ टेलर के यहां जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।
इसी बीच देर शाम किशोरी के पिता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनकी बेटी और बेटे को घर लाने की बात कही। हालांकि बातचीत के कुछ देर बाद ही वह नंबर भी बंद हो गया। लगातार संपर्क न हो पाने और स्थिति स्पष्ट न होने पर पिता ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते गोरखनाथ थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की और देर रात बस्ती जिले में दबिश देकर किशोरी, उसके भाई तथा उसके एक परिचित किशोर (इंस्टाग्राम दोस्त) को पकड़ लिया। किशोर बस्ती में टाइल्स लगाने का काम करता है।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि किशोरी व उसके भाई का सकुशल खोजकर गोरखपुर लाया गया है। किशोरी के बयान दर्ज करने के साथ ही मेडिकल भी कराया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई तहरीर मिलने के बाद की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किशोरी स्वेच्छा से गई थी या किसी प्रकार का दबाव था।