- नार्मल डिलीवरी कराने के दौरान महिला की गई जान, नवजात बच्ची आईसीयू में भर्ती
गोला। कस्बा स्थित एक अस्पताल में मंगलवार रात प्रसव के दौरान लाली गौड़ (28) की मौत हो गई। जबकि नवजात को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। मृतका के परिवार ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मामले में बहन सविता गौड़ ने बताया कि उनकी बहन नार्मल डिलीवरी कराने के लिए महिला डॉक्टर के पास गई थीं। हालांकि देर शाम दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया।
सविता ने बताया कि प्रसव के दौरान अचानक लाली के सीने में तेज दर्द उठा और शरीर से पसीना बहने लगा। परिजन ऑपरेशन कराने के लिए सहमत नहीं थे, लेकिन चिकित्सक ने जबरदस्ती नार्मल डिलीवरी कराना शुरू किया। प्रसूता को दर्द होने पर उसे बार-बार अस्पताल के बरामदे में टहलवाया गया। इसके बाद महिला डॉक्टर उसे बुलाकर जमीन पर लेटा दिया और पेट से नीचे की दिशा में दबाव डालकर बच्ची को जबरदस्ती बाहर निकाला। इससे प्रसूता के शरीर में खून बहने लगा। बाद में प्रसूता को गाड़ी से दूसरे अस्पताल भेजा गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आरोप लगाया कि डॉक्टर ने मृतका के भाई से कहा कि किसी को घटना की जानकारी न दी जाए। नवजात बच्ची को कस्बे के ही एक अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
सीएचसी अधीक्षक अमरेंद्र नाथ ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर गए तो वहां ताला बंद मिला, जिससे तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी। वहीं, कार्यवाहक थानाप्रभारी रविसेन यादव ने बताया कि मामले में तहरीर मिली थी। हालांकि देर शाम दोनों पक्षों ने आपस में समझौता करते हुए किसी प्रकार की कार्रवाई से इन्कार कर दिया।