गोरखपुर। वैश्विक कंपनियां अब चीन पर अपनी निर्भरता कम कर रही हैं। चीन के विकल्प के रूप में भारत की बढ़ती स्वीकार्यता से निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सस्ती श्रमशक्ति, कुशल तकनीकी विशेषज्ञ और विशाल उपभोक्ता बाजार भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। बुधवार को दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन पर विशेषज्ञों ने यह बात कही।
भारतीय वैश्विक परिषद (आईसीडब्ल्यूए), नई दिल्ली और कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से ''''ग्लोबल सप्लाई चेन्स एंड इंडियन फॉरेन पॉलिसी'''' विषय पर आयोजित संगोष्ठी में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के प्रो. रिपुसूदन सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद चाइना प्लस वन रणनीति के तहत कंपनियों ने चीन के अलावा भारत, वियतनाम, मलयेशिया और इंडोनेशिया में भी उत्पादन इकाइयां स्थापित करना शुरू किया। भारत के पास बड़ा बाजार है।
उन्होंने कहा कि भारत को भी ऊर्जा और जरूरी कच्चे माल के आयात के स्रोतों में विविधता लानी होगी। उन्होंने कहा कि भारत ने गुटनिरपेक्षता से आगे बढ़कर मल्टी-अलाइनमेंट और स्ट्रेटेजिक ऑटोनॉमी की नीति अपनाई है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. तेज प्रताप सिंह ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति शृंखला में किसी एक देश में पूरा उत्पाद तैयार नहीं होता। उन्होंने स्पष्ट किया कि आत्मनिर्भरता का अर्थ हर वस्तु का देश में ही उत्पादन करना नहीं है। उन्होंने वैश्विक आपूर्ति शृंखला के हथियारीकरण पर चिंता जताते हुए कहा कि अब व्यापारिक निर्भरता का इस्तेमाल देशों के बीच दबाव बनाने के लिए भी किया जा रहा है।
अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति शृंखला भारत के लिए चुनौती के साथ अवसर भी है। संगोष्ठी में श्रीलंका, चीन, ताजिकिस्तान, नेपाल और घाना समेत भारत के विभिन्न राज्यों के करीब 210 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन भाग लिया। संचालन डॉ. त्रिभुवन मिश्रा ने किया। संयोजक डॉ. इंद्रेश कुमार पांडेय सहित शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।