बीएसए कार्यालय पर होगा धरना, डीएम के जरिए सीएम को भेजेंगे सात सूत्रीय ज्ञापन
गोरखपुर। पुरानी पेंशन की बहाली और 2009 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्ति समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षक 18 नवंबर को सड़क पर उतरेंगे। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ और टीएफआई के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद शर्मा के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों पर धरना दिया जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
धरने की तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को गोरखपुर मंडल की ऑनलाइन बैठक हुई। मांडलिक संगठन मंत्री ज्ञानेंद्र ओझा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, जिलामंत्री, कोषाध्यक्ष तथा ब्लॉक अध्यक्ष और ब्लॉक मंत्री शामिल रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में चल रही तैयारियों की जानकारी दी।
पदाधिकारियों ने बताया कि मांग पत्र को लेकर शिक्षकों में उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। पुरानी पेंशन और 2009 से पूर्व के शिक्षकों को टीईटी से छूट के अलावा प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों व प्रधानाध्यापकों तथा जूनियर स्कूलों के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति भी प्रमुख मांगों में शामिल है।
बैठक में प्रदेशीय उपाध्यक्ष राजेश धर दुबे, प्रदेशीय मंत्री श्रीधर मिश्रा, केशव मणि, शैलेंद्र सिंह, सत्येंद्र मिश्र, आनंद यादव सहित कई पदाधिकारियों ने विचार रखे।