संवाद न्यूज एजेंसी
गोला। गोला थाना क्षेत्र के चकसरया गांव में आदित्य कुमार उर्फ लाला (20) की मौत मामले में परिजनों ने ट्रैक्टर चालक दुष्यंत तिवारी पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मरवटिया गांव निवासी भानमती देवी ने बताया कि उनका पुत्र आदित्य कुमार उर्फ लाला रामपुर सनाथ निवासी दुष्यंत तिवारी उर्फ छोटू के यहां मजदूरी करता था। दुष्यंत ट्रैक्टर भी चलाते थे। मजदूरी का भुगतान न होने के कारण आदित्य पिछले कुछ दिनों से उनके यहां काम पर नहीं जा रहा था। बुधवार सुबह दुष्यंत तिवारी घर पहुंचे और आदित्य को अपने साथ काम पर ले गए। जहां रोटावेटर में फंसने से आदित्य की मौत हो गई। गंभीर हालत में युवक को उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही आदित्य ने दम तोड़ दिया था। इस संबंध में थाना प्रभारी राहुल शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश चल रही है।