रामचौरा फोरलेन पुल पर हादसा, चालक ने कूदकर बचाई जान
केबिन में अचानक हुई स्पार्किंग से भड़की आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
कैंपियरगंज। कृषि दवाएं लेकर जा रहे एक वाहन में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन में लदा पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसा कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के रामचौरा फोरलेन पुल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, पीपीगंज से कृषि दवाएं लादकर मैजिक वाहन कैंपियरगंज, पनियरा और परतावल क्षेत्र में सप्लाई के लिए जा रहा था। जैसे ही वाहन रामचौरा फोरलेन पुल के पास पहुंचा, अचानक केबिन में बिजली की स्पार्किंग होने लगी।
चालक हरिकेश यादव ने बताया कि उन्हें तार जलने जैसी गंध और आवाज महसूस हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत वाहन रोक दिया और नीचे उतरकर शोर मचाकर लोगों से मदद मांगने लगे। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में उस पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन वाहन में रखा पूरा माल जलकर नष्ट हो गया।