गोरखपुर। रेल प्रशासन ने मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेला के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारी की है। गोरखपुर से नौतनवां के बीच एक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 18 फेरों के लिए चलाने का निर्णय लिया है। नकहा रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के ठहरने के लिए होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा, जबकि गोरखपुर जंक्शन पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
एनईआर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बढ़नी-आनंदनगर से आने वाली 18 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी स्टाॅपेज नकहा जंगल स्टेशन पर बनाया गया है। गोरखपुर जंक्शन के बाहरी परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डॉग स्क्वॉड से स्टेशन परिसर में चेकिंग की जाएगी और ड्रोन कैमरा से स्टेशन परिसर की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा नकहा जंगल स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में मोबाइल प्रसाधन की उपलब्धता कराई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त फोर्स लगाई जाएगी। स्टेशन पर 24 घंटे सहायता बूथ संचालित होगा। स्टेशन परिसर में अवांछनीय तत्वों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। प्राथमिक उपचार के लिए स्टेशनों पर फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि आवश्यकता पर यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही प्राथमिक उपचार मिल सके। गोरखपुर जं. एवं नकहा जंगल स्टेशन पर यात्री सहायता बूथ बनाए जाएंगे। यात्रियों के बैग की चेकिंग बैग स्कैनर मशीन से की जाएगी।