तीन दिवसीय प्रवास पर गोरखपुर पहुंचे, संघ कार्यालय माधव धाम में प्रांत प्रचारकों से की मुलाकात
सुबह महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में संघ के प्रहार दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
17 दिसंबर को गोरखपुर के खोराबार में हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध वर्ग के संवाद कार्यक्रम में शरीक होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले तीन दिवसीय प्रवास पर सोमवार की शाम गोरखपुर पहुंचे। वह एयरपोर्ट से सीधे बरगदवां स्थित संघ कार्यालय माधवधाम पहुंचे, जहां प्रांत प्रचारकाें के साथ संवाद किया। मंगलवार की सुबह सरकार्यवाह महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय जाएंगे और वहां संघ की दैनिक शाखा में शरीक होकर प्रहार दिवस पर आयोजित दंड प्रहार कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह संतकबीरनगर में आयोजित हिंदू सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
17 दिसंबर को सरकार्यवाह सुबह गोरखपुर क्लब में प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद करेंगे। दोपहर में खोराबार खेल मैदान में आयोजित हिंदू सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
तीन दिवसीय प्रवास के दौरान सरकार्यवाह मंगलवार की सुबह करीब 6:30 बजे महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय जाएंगे। वहां वह प्रहार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में 16 दिसंबर को मिली विजय को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रहार दिवस के रूप में मनाता है। इस दिन पूरे देश में संघ की सभी शाखाओं पर स्वयंसेवक दंड का प्रहार करते हैं।
इसके बाद वह संघ कार्यालय आएंगे और कुछ विशिष्ट जनों से मिलेंगे। फिर संतकबीरनगर के बड़गों गांव में दोपहर दो बजे से आयोजित हिंदू सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम को फिर माधव धाम लौट आएंगे।
17 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे से गोरखपुर क्लब में प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में 500 विशिष्ट लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसमें प्रोफेसर, डॉक्टर, उद्यमी और समाजसेवी शामिल हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त जज प्रभाकर मिश्र करेंगे। इसके बाद खोराबार खेल मैदान में दोपहर दो बजे से आयोजित हिंदू सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद है। सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ उद्यमी चैतराम पहुजा करेंगे। संघ के प्रचारकों ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक की। इसमें दायित्व सौंपे गए।