गोरखपुर। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर मंगलवार को सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। इसमें एमजी इंटर कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अजीत क्रिकेटर्स गुलरिहा को सात विकेट से पराजित कर खिताबी जीत दर्ज की। एकांश सिंह को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच और राज राय को बेस्ट बॉलर चुना गया।
टॉस जीतकर एमजी इंटर कॉलेज ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। इसे उनके गेंदबाजों ने सही साबित कर दिखाया। अजीत क्रिकेटर्स की पूरी टीम 21 ओवर में मात्र 136 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से उत्कर्ष सिंह ने 36 गेंदों पर सर्वाधिक 44 रन और शिवम प्रजापति ने 26 गेंदों पर 20 रन बनाए। अंत में वसीम शेख ने 16 रन का संघर्षपूर्ण योगदान दिया।
एमजी इंटर कॉलेज की तरफ से राज राय ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 35 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं तारिक खान को 3, जबकि एकांश, अफजल और शाश्वत को 1-1 विकेट मिला।
137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमजी इंटर कॉलेज की शुरुआत बेहद सधी हुई रही। सलामी बल्लेबाज एकांश सिंह ने 35 गेंदों पर 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि सूर्यांशु शुक्ला ने 28 गेंदों पर 30 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मध्यक्रम में शत्रुघ्न यादव 15 रन और विराट 11 रन ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी कर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। अजीत क्रिकेटर्स की ओर से आशीष यादव, अमित राज और जीशान ने 1-1 विकेट लिया।
इससे पूर्व, एमजी इंटर कॉलेज के नवागत प्रधानाचार्य डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक विवेकानंद मिश्र, सुशील त्रिपाठी, डॉ. चंदन सिंह आदि मौजूद रहे।