गोरखपुर। बेलघाट थाना क्षेत्र के मुकारीपुर गांव में प्रेम विवाह करने वाले दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह कमरे के अंदर पति शादाब (25) का शव पंखे से लटका मिला, जबकि गर्भवती पत्नी निकहत निशा (24) बेड पर पड़ी थीं। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने और फंदा लगाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
मुकारीपुर गांव निवासी शादाब ने नवंबर 2025 में निकहत निशा से प्रेम विवाह किया था। शादाब के पिता तस्वुर ने बताया कि दोनों ने आपसी सहमति से शादी की थी। परिजनों के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे शादाब की बहन कमरे पर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो शादाब का शव पंखे से लटका था जबकि निकहत बेड पर पड़ी थी। शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका पर भी जांच
एसपी साउथ दिनेश पुरी के मुताबिक, कमरा भीतर से बंद होने के कारण शुरुआत में यह आशंका जताई गई कि पत्नी की हत्या के बाद पति ने फंदा लगाकर जान दी होगी लेकिन अब तक की जांच में ऐसे कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं। दोनों लोवर और टी-शर्ट पहने हुए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों इस्लामिक परंपरा के अनुरूप रहन-सहन में थे। किसी बाहरी हस्तक्षेप के संकेत फिलहाल नहीं मिले हैं। जांच के दौरान पुलिस ने दंपती के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए हैं। हालांकि दोनों मोबाइल अभी अनलॉक नहीं हो सके हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर भी घटना की कड़ियां जोड़ने में लगी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
मुंबई में रहते हैं निकहत के पिता
परिजनों ने बताया कि निकहत गर्भवती थी। निकहत के माता-पिता मुंबई में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शादाब दो भाइयों और चार बहनों में चौथे नंबर पर थे। एसपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। घरेलू विवाद, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।