गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अजवनिया गांव के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया। तेज रफ्तार और कथित तौर पर नींद की झपकी के कारण अनियंत्रित डंपर की ट्रक से आमने-सामने हुई टक्कर में चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही मिनटों में आग लग गई और दोनों वाहन धू-धूकर जल उठे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को घंटों परेशान होना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने यातायात को नियंत्रित करते हुए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कराया।
परिवारों की टूटी उम्मीदें, जिम्मेदारी निभाते-निभाते बुझ गए दो चिराग
हादसे में 22 वर्षीय शिवा पुत्र कामता प्रसाद, निवासी ग्राम मीसा पोस्ट हसवा थाना हरियावां, फतेहपुर की मौत हो गई। शिवा अपने परिवार में सबसे बड़ा बेटा था और पूरे घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसके दो छोटे भाई पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि दो बड़ी बहनों का विवाह हो चुका है। परिवार उसकी शादी की तैयारियों में जुटा था। नवंबर में बांदा में विवाह तय था, लेकिन हादसे ने घर की खुशियों को मातम में बदल दिया।
वहीं मृतक सत्येंद्र डंपर चालक था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में मां, पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। बड़ा भाई मजदूरी कर किसी तरह घर का सहारा बना हुआ है लेकिन घर की मुख्य जिम्मेदारी सत्येंद्र पर ही थी। दोनों ही परिवारों में इस हादसे के बाद कोहराम मचा हुआ है। परिजन जब घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
दूर से दिखाई दे रही थीं आग की लपटें
स्थानीय लोगों के अनुसार, डंपर तेज गति में था और नियंत्रण खोते ही सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर के चालक और खलासी केबिन में फंस गए और कुछ ही देर बाद आग लग गई। सीएफओ ने बताया कि ट्रक चालक अरमान अपने साइड से चल रहा था, जबकि डंपर रांग साइड से आ रहा था। डंपर को सामने आता देख ट्रक चालक ने बचने की कोशिश की, लेकिन टक्कर टाल नहीं सका। हादसे के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि दमकलकर्मी भी तुरंत पास नहीं जा सके। धुएं का गुबार और आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कई घंटे ठप रहा यातायात
हादसे के बाद मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब पांच किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। एंबुलेंस और राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया।
डंपर मालिक सभाजीत वर्मा के वाहन की जांच शुरू
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार, डंपर का मालिक सभाजीत वर्मा बताया जा रहा है। पुलिस यह जांच कर रही है कि वाहन की फिटनेस, रखरखाव और चालक की ड्यूटी अवधि का पालन किया गया था या नहीं। पूरे मामले की सभी पहलुओं से गंभीर जांच की जा रही है।