- मंगलवार के मुकाबले 87 अंक की गिरावट, फिर भी संवेदनशील लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
गोरखपुर। दिवाली पर आतिशबाजी के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ने से बिगड़ी शहर की हवा में अब सुधार होने लगा है। मंगलवार को 273 तक पहुंचा एक्यूआई बुधवार को घटकर 186 पर आ गया। यानी 24 घंटे में 87 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही शहर की हवा खराब श्रेणी से निकलकर मध्यम श्रेणी में पहुंच गई है। हालांकि, प्रदूषण का स्तर अभी भी सामान्य से अधिक है और संवेदनशील लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
दिवाली के बाद पटाखों से निकले धुएं और बारीक प्रदूषक कणों के कारण शहर की हवा लगातार बिगड़ रही थी। शनिवार को एक्यूआई 89 दर्ज किया गया था। इसके बाद रविवार को बढ़कर 182, सोमवार को 261 और मंगलवार को 273 पहुंच गया था। चार दिनों में प्रदूषण का स्तर तीन गुना से अधिक हो गया था। बुधवार को इसमें गिरावट आने से कुछ राहत मिली है। माना जा रहा है कि आतिशबाजी का असर कम होने और हवा में प्रदूषक कणों का फैलाव होने से एक्यूआई में सुधार हुआ है।