गोरखपुर। करीब एक साल से जमीन की तलाश में अटके डॉग शेल्टर होम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम के संपत्ति विभाग ने रामपुर नया गांव में 10 हजार वर्गमीटर जमीन चिह्नित कर ली है। इसके बाद इसकी रिपोर्ट भी शासन को भेज दी गई है।
अब कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) की ओर से शेल्टर होम का निर्माण कराया जाएगा। इससे शहर में आवारा कुत्तों के लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था जल्द होने की उम्मीद है। नगर निगम को डॉग शेल्टर होम के लिए 5,285 वर्गमीटर जमीन की आवश्यकता थी। करीब 11 महीने से इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही थी। शासन के निर्देश के अनुसार संयुक्त एबीसी सेंटर (एनिमल बर्थ कंट्रोल) और शेल्टर होम के लिए 7,585 वर्गमीटर, जबकि केवल डॉग शेल्टर होम के लिए 5,285 वर्गमीटर भूमि की जरूरत है।
गोरखपुर में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर पहले से संचालित है। ऐसे में यहां केवल डॉग शेल्टर होम विकसित किया जाना है। बची जमीन की बाउंड्रीवाॅल कर छोड़ दिया जाएगा।
शेल्टर होम में आवारा कुत्तों को पकड़ने के बाद उनकी नसबंदी और एंटी रेबीज टीकाकरण कराने तथा इसके बाद उन्हें सुरक्षित रखने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही कुत्तों के इलाज, भोजन और देखभाल की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। जमीन मिलने के बाद अब निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।