कुईं बाजार (गोरखपुर)। सिकरीगंज थाना क्षेत्र में सागौन के पेड़ काटकर चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। सिकरीगंज निवासी दीनानाथ जायसवाल ने दो लोगों पर अपनी जमीन से छह सागौन के पेड़ काटकर वाहन से चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि उनकी जमीन अहिरौली खुर्द गांव में स्थित है, जहां उन्होंने कुल सागौन के 13 पेड़ लगाए थे। बृहस्पतिवार की शाम वे अपनी जमीन पर पहुंचे तो देखा कि छह पेड़ काटे जा चुके थे और मौके से गायब थे। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि अहिरौली खुर्द और गाइबेला गांव के दो लोगों ने मिलकर पेड़ काटे और वाहन से लकड़ी ले गए। लकड़ी की कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।