संवाद न्यूज एजेंसी
गगहा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाटा बाजार के पास रविवार शाम तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग 100 किमी की रफ्तार से चल रही एक्यूवी 500 बड़हलगंज की ओर जा रही थी। अचानक सामने चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे घुस गई। टक्कर की आवाज सुनते ही बाजार के लोग सहम गए। गनीमत रही कि एक्सयूवी का एयरबैग खुल गया, जिससे चालक की जान बच गई। दूसरी तरफ इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, जब लोग मौके पर पहुंचे तो चालक गाड़ी के अंदर बेहोश पड़ा था और उसकी नाक से खून बह रहा था।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और घायल चालक को हाटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि चालक खतरे से बाहर है। थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी ने कहा कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि कार को हाईवे से हटवाने की प्रक्रिया चल रही है।