यातायात माह में स्कूलों में छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
-
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। यातायात माह के तहत शुक्रवार को शहर पुलिस ने व्यापक जागरुकता अभियान चलाया और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में सीओ ट्रैफिक व ट्रैफिक इंस्पेक्टर की टीम ने शहर में कई जगहों पर वाहनों की जांच की।
शहर क्षेत्र में बिना क्यूआर कोड, बिना रजिस्ट्रेशन, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना परमिट चल रहे ऑटो व ई-रिक्शा के खिलाफ यातायात तिराहे पर विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 137 ऑटो की जांच की गई, जिनमें 19 बिना परमिट, 9 बिना रजिस्ट्रेशन और 23 चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले। सभी पर एमवी एक्ट के तहत वाहन सीज की कार्रवाई की गई। साथ ही विभिन्न धाराओं में 112 ऑटो चालकों के विरुद्ध चालान किया गया। 41 दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 378 चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
45,500 शमन शुल्क वसूला
शहर में आयोजित संयुक्त चेकिंग के दौरान कुल 781 वाहनों का अलग-अलग धाराओं में चालान किया गया। इस दौरान 45,500 रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया। पुलिस ने बताया कि यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन और सड़क हादसों में कमी लाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।