गोरखपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा जिले के कुल 198 परीक्षा केंद्रों पर बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन दोनों पालियों में सभी केंद्रों पर शांतिपूर्वक तरीके से परीक्षा हुई। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 6961 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। 10वीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा में सबसे अधिक 3720 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
बोर्ड परीक्षा में इस बार 10वीं में 67563 छात्र पंजीकृत थे, जिसमें से 3720 अनुपस्थित रहे। वहीं 12वीं में 64627 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें पहले दिन 3241 छात्र अनुपस्थित रहे। पहले दिन जिला कंट्रोल रूम, परिषद मुख्यालय, राज्य स्तर के कंट्रोल रूम से परीक्षा की पल-पल की लाइव मॉनिटरिंग की गई।
सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। परीक्षाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग राजकीय जुबिली इंटर काॅलेज के कंट्रोल रूम से की गई। पहले दिन 10वीं और 12वीं दोनों कक्षा में हिंदी की परीक्षाएं हुईं। परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण शासन स्तर से नामित मंडलीय नोडल जिला शिक्षण व प्रशिक्षण अधिकारी अमरनाथ राय संग अन्य लोगों ने की।