जमीन का फर्जी दस्तावेज दिखाकर 54 लाख 65 हजार रुपये हड़पने के मामले में रविवार को गुलरिहा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। एसपी के आदेश पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ के टैगोर टाउन निवासी संतोष नारायण बर्नवाल ने तहरीर में लिखा है कि गुलरिहा थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर नंबर एक के सेवई निवासी अमरजीत निषाद ने उन्हें बताया कि बस्ती जिले के हरैया थाना के ग्राम खेसुआ की अनामिका देवी के पति की मृत्यु हो चुकी है। वह अपने हिस्से की पूरी जमीन बेचना चाहती हैं। उसकी बातों पर विश्वास पर पीड़ित ने अमरजीत व उसके मित्र अमित कुमार गुप्ता, रामकिशुन निषाद, रामजीवन निषाद, शेषनाथ के साथ खेसुआ पहुंचे।
वहां मिली महिला ने अपना नाम अनामिका देवी पत्नी स्व. विजय कुमार सिंह बताते हुए कहा कि वरासत होकर उसका नाम खतौनी में आ जाएगा। 57 डिसमिल जमीन का सौदा 60 लाख रुपये में तय हुआ। महिला के साथ आरोपी आठ फरवरी 2021 को पीड़ित के घर पहुंचे और अग्रिम के रूप में 95 हजार रुपये ले गए। बैंक का खाता नंबर देते हुए महिला ने बाकी रुपये खाते में भेजने को कहा।
उनकी बातों में आकर उसने अलग-अलग तिथियों में बैंक खाते एवं नकद रूप में 54 लाख 65 हजार रुपये दे दिया। इसके बाद अमरजीत उसे तहसीलदार का एक फर्जी आदेश की कापी देकर कहा कि 20 जून 2022 के बाद खतौनी में नाम चढ़ जाएगा। पीड़ित ने हरैया तहसील में आदेश की नकल की जांच कराई तो फर्जी निकली। उस गांव में जाकर पता किया तो अनामिका नाम की न तो कोई महिला थी और न ही उसकी कोई जमीन है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।