पुलिस को खोजे नहीं मिल रहा हिस्ट्रीशीटर पवन, टीम लौटी
गोरखनाथ थाने के हिस्ट्रीशीटर पवन सिंह की तलाश में लखनऊ गई पुलिस टीम खाली हाथ ही लौट आई। पुलिस उसे खोजने का दावा कर रही है, जबकि सोशल मीडिया पर वह लगातार पोस्ट अपडेट कर रहा है। इसका सीधा मतलब है कि पुलिस उसे पकड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। खबर है कि साइबर टीम की मदद से यह आसानी से पता चल सकता है कि वह कहां से पोस्ट कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 14 जनवरी की रात में फेसबुक लाइव पर आकर हिस्ट्रीशीटर पवन सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल होने के बाद आर्य मंडल भाजपा के अध्यक्ष ने गोरखनाथ थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने पूजा के स्थान पर अमर्यादित टिप्पणी करने सहित अन्य कई धाराओं में केस दर्ज किया था।
एसएसपी के आदेश पर उसकी तलाश में एक टीम लखनऊ भी रवाना हुई थी। लेकिन, टीम के हाथ कुछ नहीं लगा। इसी बीच बुधवार केे पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की छोटू बहू अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने पर पवन ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। सीओ गोरखनाथ रत्नेश सिंह ने बताया कि लखनऊ गई टीम को सफलता नहीं मिली है। टीम अब अन्य जगहों पर तलाश कर रही है।