गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के जैनपुर गांव के पास बुधवार सुबह लगभग 10 बजे क्षेत्र से कलेक्शन कर वापस लौट रहे माइक्रो फाइनलेंस कर्मी से 51 हजार रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए। आरोप है कि असलहे के बल पर वारदात को बाइक सवार बदमाशों ने अंजाम दिया। बृहस्पतिवार को तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, भटहट के समीप अतरौलिया गांव में भारत माइक्रो फाइनेंस कंपनी का ऑफिस है। महराजगंज जनपद के निचलौल थाना के हरदी गांव निवासी आदित्य शर्मा उक्त कंपनी में तैनात है। बताया जा रहा है कि आदित्य शर्मा बुधवार की सुबह लगभग 8 बजे क्षेत्र में कलेक्शन के लिए निकले हुए थे। कुछ जगहों पर बैठक करते कलेक्शन करने के बाद वापस लौटते समय जैनपुर गांव के असनहिया मोड़ पर एक बिना नंबर प्लेट लगे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने रास्ता रोक लिया और कर्मचारी को असलहा सटा दिया।
एक बदमाश हेलमेट लगाया हुआ था, जबकि दूसरा टोपी पहने था।पीड़ित के मुताबिक, दोनों बदमाशों के पास तमंचा मौजूद था। तमंचे के बल पर कर्मचारी से रुपये व टैबलेट रखा बैग लेकर फरार हो गए।
कर्मचारी ने सूचना दी, जिसके बाद ही पुलिस जांच में जुट गई थी, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ है। बृहस्पतिवार को कर्मचारी थाने पहुंचकर तहरीर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।