डीएम आशुतोष निरंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए 25 जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की है। ये अधिकारी ओपीडी के दौरान अस्पताल जाकर शारीरिक दूरी, मास्क लगाने व व्यक्तिगत स्वच्छता के लिए हाथ धोने की सुविधा का निरीक्षण करेंगे।
डीएम ने बताया कि निजी चिकित्सालय में पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से कोविड-19 से बचाव के बारे में जागरूकता फैलाने वाले संदेश अवश्य प्रसारित होने चाहिए। एंटीजन किट की उपलब्धता, अस्पताल की ओर से कोविड-19 के लिए सैंपलिंग व टेस्टिंग के लिए लगाई गई टीमों की संख्या, क्रमिक सैंपलिंग की स्थिति, तात्कालिक टेस्टिंग व रेफरल की स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा।
प्रत्येक निजी चिकित्सालय में एक आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किया जाएगा, जिसमें पॉजिटिव पाए गए मरीज को रखकर बेसिक इलाज किया जाएगा। जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर मरीज के बारे में एकीकृत कमांड सेंटर व कंट्रोल (आईसीसीसी) के फोन नंबर 05542-245672 पर सूचित करेंगे।